बिहारराजनीति

सीधे लोगों के बीच जाकर संवाद करें सभी प्रकोष्ठ: उमेश सिंह कुशवाहा

पटना। जदयू मुख्यालय स्थित कर्पूरी सभागार में प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा की अध्यक्षता में नवमनोनीत प्रकोष्ठ अध्यक्षों की बैठक सम्पन्न हुई। इस बैठक में भावी रणनीतियों एवं प्रकोष्ठों की तैयारी पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक को संबोधित करते हुए उमेश सिंह कुशवाहा ने सर्वप्रथम सभी नवमनोनीत प्रकोष्ठ अध्यक्षों को बधाई दी और कहा कि पार्टी ने आप सभी पर भरोसा करते हुए बड़ा दायित्व दिया है। आप सभी अपने-अपने प्रकोष्ठों की ठोस रणनीति और जिलावार कार्यक्रम तैयार कर सीधे लोगों के बीच जाएं और उनसे संवाद करें। हमलोगों का लक्ष्य आगामी लोकसभा चुनाव में सभी 40 लोकसभा सीटों को जीतना है।


उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि आज देश का लोकतंत्र खतरे में है। केन्द्र की अघोषित तानाशाही के विरोध में सभी विपक्षी दल एकजुट हो रहे हैं और हमारे नेता मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार विपक्षी एकता की धुरी बनकर उभरे हैं। ऐसे में हमलोगों का दायित्व और भी बढ़ जाता है। सभी प्रकोष्ठों को न केवल पिछले 17 साल की उपलब्धियों को लोगों के बीच लेकर जाना है, बल्कि विपक्ष के दुष्प्रचार और अनर्गल बयानों का सरजमीन पर और मीडिया के सभी प्लेटफाॅर्म पर मजबूती से जवाब देना है।
राष्ट्रीय सचिव रवीन्द्र प्रसाद सिंह ने कहा कि सभी प्रकोष्ठ अपना कार्यक्रम इस तरह बनाएं कि उसमें अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता हो। हमलोगों का कार्यक्रम लगातार चले और बूथ तक हमारी उपस्थिति रहे।
प्रदेश कोषाध्यक्ष ललन कुमार सर्राफ ने कहा कि जनसरोकार ही हमारी पार्टी की पूंजी है। हमलोगों को अपने नेता के संदेश को नीचे तक पहुंचाने के साथ-साथ केन्द्र सरकार की नाकामियों को भी उजागर करना है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button