बिहारराजनीति

बिहार की सभी लोकसभा सीटों पर महागठबंधन की जीत सुनिश्चित करने का लक्ष्य : उमेश सिंह कुशवाहा

चंद उद्योगपतियों की सेवा में लगे हैं नरेन्द्र मोदी : ललन सर्राफ

पटना । पार्टी मुख्यालय के कर्पूरी सभागार में जदयू व्यावसायिक एवं उद्योग तथा जदयू शिक्षा प्रकोष्ठ के संयुक्त तत्वावधान में पटना महानगर, पटना ग्रामीण, बाढ़, अरवल एवं जहानाबाद संगठन जिला के पदाधिकारियों का प्रशिक्षण सह कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। बिहार जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि पटना एवं उसके पड़ोसी जिले के पदाधिकारियों पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है क्योंकि पटना से पूरे प्रदेश में एक राजनीतिक संदेश जाता है, इस लिहाज से आप सबको अत्यधिक दृढ़ इच्छा से कार्य करने की आवश्यकता है और संगठन को मजबूती प्रदान करने के प्रति आप सबों की जवाबदेही भी कई मायनों में अधिक है। किसी भी राजनीतिक दल की आत्मा उसके कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों में वास करती है। आप सब के बगैर संगठन शून्य है।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि अगले साल देश में आम चुनाव होना है और हमारी कोशिश यही होनी चाहिए कि बिहार में महागठबंधन की जीत सभी 40 सीटों पर सुनिश्चित हो। उमेश कुशवाहा ने कहा कि केंद्र में बैठी भाजपा की मोदी सरकार ने बीते 9 वर्षों में सिर्फ और सिर्फ देश की जनता को ठगने और छलने का काम किया है। आज देश में अघोषित रूप से आपातकाल लागू कर दिया गया है। घोषित आपातकाल के समय भी ऐसी भयावह स्थिति हमारे देश में नहीं थी। संविधान के मौलिक अधिकारों को ख़त्म किया जा रहा है। दलित, शोषित, पिछड़ा और अति-पिछड़ा समाज को आरक्षण की सुविधा से वंचित रखने की पुरजोर कोशिश हो रही है। भाजपा के लोग देश के गौरवशाली इतिहास और विरासत को बदलने के लिए आतुर हैं, लोकतंत्र के बुनियादी ढांचे को भी तबाह किया जा रहा है। आज भाजपा की गलत नीतियों की वजह से देश में भारी बेरोजगारी और कमरतोड़ महंगाई की समस्या उत्पन्न हो गई है। रोजमर्रा और खान-पान की वस्तुओं पर भी केंद्र की मोदी सरकार ने भारी जीएसटी लगा दिया है, जिससे देश का आम आदमी और व्यापारी वर्ग परेशान है। केंद्र की सरकार को विकास से कोई वास्ता नहीं है, ये लोग सिर्फ जाति, धर्म और संप्रदाय में लोगों को विभाजित कर अपनी सत्ता को बचाए रखना चाहते हैं परंतु देश व बिहार की जनता ने यह तय कर लिया है कि 2024 में भाजपा को देश से खदेड़ देना है, जिसकी शुरुआत 23 जून को मुख्यमंत्री श्री नीतीश जी के नेतृत्व में पटना की धरती से हो चुकी है।
प्रदेश अध्यक्ष ने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा वाले कह रहे थे कि विपक्षी एकता नामुमकिन है लेकिन नीतीश कुमार की पहल पर देशभर के सभी विपक्षी नेता पटना में एकजुट हुए जिससे भाजपा वाले पूरी तरह से बेचौन और तिलमिलाए हुए हैं।
पार्टी के कोषाध्यक्ष ललन सर्राफ ने कहा कि नीतीश कुमार ने भामाशाह की जयंती राजकीय समारोह के तौर पर मनाने की घोषणा की। इतना ही नहीं, भामाशाह जी की प्रतिमा को भी राजधानी पटना में स्थापित किया गया। जो भाजपा वाले वैश्य समाज के वोटों पर अपना दावा करते हैं उन्हें अब बताना चाहिए कि अब तक तक उनकी सरकार ने भामाशाह के लिए क्या किया? उन्होंने ‘हाटे बाजार-नीतीशे कुमार’ के नारे का उद्घोष करते हुए कहा कि हम सभी को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के संदेश को हर हाट- हर बाजार तक पहुंचाना है और साथ ही बीते 9 वर्षों में भाजपा की तानाशाही व जनविरोधी क्रियाकलापों का भी पोल खोलना है। जब देश में 24 दलों के गठबंधन से अटल जी के नेतृत्व में सरकार चल रही थी तब सभी छोटे-बड़े दलों का सम्मान किया जाता था, मगर मौजूदा प्रधानमंत्री मोदी को किसी की चिंता नहीं है। वे बस गुजरात के प्रधानमंत्री बन कर रह गए हैं। उन्होंने आज तक कभी भी बिहार की समस्याओं को लेकर एक भी बैठक नहीं की, यह दर्शाता है प्रधानमंत्री की नीयत कैसी है। चंद उद्योगपतियों की सेवा में मोदी जी लगे हुए हैं उन्हें जनता की समस्याओं से कोई लेना देना नहीं है।
शिक्षा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अमरदीप ने कहा कि महात्मा गांधी ने हमें आजादी दी, डॉ. लोहिया और जेपी ने उस आजादी को लोगों तक पहुंचाने के लिए संघर्ष का रास्ता दिखाया। डॉ. अंबेडकर ने उस लोकतंत्र को बचाने के लिए संविधान का कवच दिया। इन्हीं समाजवादी विचारों और मूल्यों को लेकर जननायक कर्पूरी ठाकुर आए और उन्होंने सत्ता का उपयोग जनसेवा के लिए किया। राजनीति के उसी रास्ते पर हमारे नेता नीतीश कुमार चल रहे हैं। वे न्याय के साथ विकास की नई इबारत लिख रहे हैं। हमारा सौभाग्य है कि हमें नीतीश कुमार जी के नेतृत्व में कार्य करने से अवसर प्राप्त हुआ है। डॉ.अमरदीप ने सोशल मीडिया की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हम जानते हैं कि वर्तमान समय में देश के मीडिया संस्थान पूरी तरह से बिक चुके है, परंतु हम सभी के हाथ में एक स्मार्टफोन है जिसकी मदद से हम चाहे तो भाजपा के फर्जी एजेंडों का मुंहतोड़ जवाब दे सकते हैं। लिहाजा सोशल मीडिया पर आप सभी को अपनी उपस्थिति दर्ज करानी होगी। डिजिटल क्रांति के दौर में पीछे छूट जाना स्वयं के साथ छल करने जैसा है।
मुख्यालय प्रभारी चंदन कुमार सिंह ने कहा कि मोदी सरकार ने जीएसटी लागू कर कहीं ना कहीं देश के व्यापारी वर्गों का अहित करने का काम किया है। आज देश में आप कहीं भी चले जाएं कोई भी व्यापारी जीएसटी से खुश नहीं है,। मनमाने तरीके से प्रधानमंत्री मोदी ने जीएसटी लागू किया जिससे देश की जनता में आक्रोश का माहौल है। आने वाले 2024 में ये वर्ग भाजपा को सत्ता से उखाड़ फेंकने का काम करेगा।
इस कार्यक्रम की अध्यक्षता पार्टी के व्यावसायिक व उद्योग प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष धनजी प्रसाद ने किया व मंच का संचालन डॉ. अमरदीप ने किया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से श्री गणेश कानू, श्री मुकेश जैन एवं श्री राजेश खेतान उपस्थित थे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button