बिहारराजनीति

बिहार में 40 सीटों पर फहराएगा महागठबंधन का विजय-पताका : ललन सर्राफ

फर्जी है भाजपा का राष्ट्रवाद का नारा : नीरज कुमार

मोतिहारी । बापू की कर्मभूमि चंपारण (मोतिहारी) से जदयू व्यावसायिक एवं उद्योग प्रकोष्ठ तथा जदयू शिक्षा प्रकोष्ठ के संयुक्त प्रमंडलीय प्रशिक्षण सह संवाद कार्यक्रम का भव्य आगाज।

श्री ललन सर्राफ के नेतृत्व में ‘‘हाटे बाजार-नीतीशे कुमार जनसम्पर्क अभियान’’ का भी मोतिहारी की ऐतिहासिक धरती से शुभारंभ।

मोतिहारी। मोतिहारी के एमएस काॅलेज से आज जदयू व्यावसायिक एवं उद्योग प्रकोष्ठ तथा जदयू शिक्षा प्रकोष्ठ के संयुक्त प्रमंडलीय प्रशिक्षण सह संवाद कार्यक्रम का भव्य आयोजन हुआ। कार्यक्रम में विधानपार्षद व जदयू के प्रदेश कोषाध्यक्ष तथा दोनों प्रकोष्ठों के प्रभारी ललन सर्राफ, बिहार सरकार के वरिष्ठ मंत्री सुनील कुमार, विधानपार्षद व जदयू के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार, विधायक शालिनी मिश्रा, शिक्षा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष डाॅ. अमरदीप, जदयू व्यावसायिक एवं उद्योग प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष धनजी प्रसाद, पूर्व विधानपार्षद सतीश कुमार, प्रदेश पदाधिकारी मुकेश जैन, गणेश कानू पूर्वी चंपारण जदयू जिलाध्यक्ष मंजू देवी, पश्चिमी चंपारण जदयू जिलाध्यक्ष शत्रुघ्न कुशवाहा, भुवन पटेल, दिनेशचन्द्र प्रसाद सहित प्रदेश एवं प्रमंडल के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्वी चंपारण जिला जदयू अध्यक्ष श्रीमती मंजू देवी ने की।
इस मौके पर जदयू के वरिष्ठ नेता ललन सर्राफ ने कहा कि बिहार की धरती ने संसार को पहला लोकतंत्र दिया, यहीं बापू के सत्याग्रह ने आकार लिया, जेपी की सम्पूर्ण क्रांति का आगाज बिहार से ही हुआ और अब यहीं से भाजपा-मुक्त भारत का शंखनाद हो रहा है। आज पूरा देश श्री नीतीश कुमार की ओर देख रहा है। वे न केवल विपक्षी एकता की धुरी बल्कि परिवर्तन के वाहक बनकर उभरे हैं। देश को भाजपा की तानाशही से मुक्त करने और लोकतंत्र व संविधान की रक्षा के लिए उन्होंने जो ‘महायज्ञ’ शुरू किया है, उसकी पूर्णाहुति के लिए हमें दिन-रात एक कर देना है। उन्होंने कहा कि 2024 में बिहार की 40 में 40 सीटों पर महागठबंधन का विजय पताका फहराएगा। इसके साथ ही हमें यह भी सुनिश्चित करना है कि श्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में हुए अभूतपूर्व विकास-कार्यों का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे।
बिहार सरकार के वरिष्ठ मंत्री सुनील कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने अद्भुत विजन और इच्छाशक्ति से बिहार का कायाकल्प किया है। यह उनकी देन है कि आज बिहार के लोग देश-दुनिया के किसी भी कोने में सिर उठाकर जाते हैं। हमें उनके संदेश को घर-घर पहुँचाना है।
जदयू के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा कि भाजपा का राष्ट्रवाद का नारा फर्जी है। सच यह है कि वो देश के इतिहास को बदलना चाहती है। केन्द्र में बैठी सरकार आज संवैधानिक संस्थाओं को तहस-नहस कर रही है। देश को साम्प्रदायिक उन्माद की ओर धकेला जा रहा है और दलितों और अतिपिछड़ों से उनका हक छीना जा रहा है। जातीय गणना हो या बिहार को विशेष राज्य का दर्जा देने की बात हो, भाजपा का दोमुँहापन हर जगह देखा जा सकता है।
विधायक शालिनी मिश्रा ने कहा कि महिलाओं के उत्थान के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जितना सोचा और किया, उतना स्वतंत्र भारत के इतिहास में किसी ने नहीं किया। वंचित तबकों को वे विकास की मुख्यधारा में लेकर आए। हमलोगों को एकजुट होकर अपने नेता का हाथ मजबूत करना है।
जदयू शिक्षा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष डाॅ. अमरदीप ने ‘‘जदयू की विचारधारा और हमारा प्रचार-तंत्र’’ विषय पर अपनी बातें रखीं और मीडिया के विभिन्न प्लेटफाॅर्म, विशेषकर सोशल मीडिया, का उपयोग करते हुए भाजपा के भ्रामक प्रचार और अनर्गल आरोपों का मुँहतोड़ जवाब देने पर जोर दिया।
जदयू व्यावसायिक एवं उद्योग प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष धनजी प्रसाद ने कहा कि हमें ‘‘हाटे बाजार-नीतीशे कुमार जनसम्पर्क अभियान’’ के माध्यम से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का संदेश हर हाट-बाजार तक पहुँचाना है और राज्य भर के व्यवसायियो को एकजुट करना है।
कार्यक्रम में विशाल साह, बृजमोहन गुप्ता, अभय गुप्ता, मणि अधिवक्ता, दिनेश गुप्ता, संतोष पुष्कर, संजय मोदी, गौरीशंकर कनौजिया, राजन गुप्ता तथा जदयू शिक्षा प्रकोष्ठ के रवीन्द्र सिंह पटेल, किशोरी लाल जायसवाल, मुकेश शर्मा, कृष्णकांत मिश्र, राजेश पांडेय, अवधेश तिवारी, सुश्री निवेदिता मिश्रा, श्री मनोज कुशवाहा आदि की सक्रिय सहभागिता रही।
ध्यातव्य है कि आज ही श्री ललन सर्राफ के नेतृत्व में ‘‘हाटे बाजार-नीतीशे कुमार जनसम्पर्क अभियान’’ का शुभारंभ हुआ। आज उन्होंने सैक़ड़ों कार्यकर्ताओं के साथ गांधी स्मारक, मीना बाजार तथा जानपुल चैक पर नुक्कड़सभा की और जनसम्पर्क अभियान चलाया।
बता दें कि तिरहुत प्रमंडल से शुरू हुआ यह कार्यक्रम बारी-बारी से सभी प्रमंडलों में होगा। आज के इस कार्यक्रम में पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण तथा बगहा के पदाधिकारी व कार्यकर्ता सम्मिलित हुए, जबकि तिरहुत प्रमंडल के शेष जिलों का प्रशिक्षण सह संवाद कार्यक्रम 9 जुलाई को मुजफ्फरपुर में होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button