
पटना। जदयू कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान बिहार सरकार के वित्तमंत्री विजय कुमार चौधरी, खाद्य व उपभोक्ता संरक्षण मंत्री लेसी सिंहएवं अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री जमा खान ने प्रदेश के सभी जिलों से आए लोगों की समस्याओं को सुनकर सम्बंधित अधिकारी को त्वरित निष्पादन हेतु निर्देशित किया।
इस दौरान वित्तमंत्री विजय कुमार चौधरी ने पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा कि राष्ट्रीय राजनीति की रणनीति बनाने के लिए देश के तमाम विपक्षी नेताओं की पटना में होने वाली बैठक एक ऐतिहासिक घटना है। पूरे प्रदेशवासियों के लिए यह एक गौरवशाली क्षण है। इससे मालूम पड़ता है कि देशभर की राजनीति में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की कितनी विश्वनीयता है। आगे उन्होंने कहा कि विपक्षी पार्टियों की एकजुटता के बाद देशवासियों में भी एक उम्मीद की किरण जगी है कि अब भाजपा को 2024 में सत्ता से बेदखल करने का प्रयास सफल होगा। जितने भी दलों को निमंत्रण भेजा गया था सभी दल 23 को पटना आ रहे हैं। सभी दल साथ मिलकर 2024 लोकसभा चुनाव लड़ने का मन बना चुकें हैं।
इस दौरान मीडिया के सवालों का जबाव देते हुए मंत्री लेशी सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी नौ साल बेमिशाल कार्यक्रम चला रही है लेकिन भाजपा के नेतागण अपनी केन्द्र सरकार की उपलब्धि बताने के वजाय विपक्षी एकता की मुहिम को श्री नीतीश कुमार की पहल पर सफल होते देख घबराकर नीतीश कुमार को निशाना बना रहें हैं। असल में केन्द्र की सरकार को नौ साल में अपने किये गये वायदे के अनुरूप कोई ऐसी उपलब्धि नहीं है जो जनता को बता सके।
उन्होंने कहा कि हाल ही के दिनों में केन्द्रीय राज्यमंत्री साधवी निरंजना ज्योति के द्वारा राज्य सरकार पर निशाना साधने से पहले उन्हें बिहार की जनता को बताना चहिए कि वर्ष 2022 तक सभी गरीब को पक्का मकान देने का प्रधानमंत्री का वायदा कब तक पूरा होगा ? प्रति वर्ष दो करोड़ रोजगार देने का वायदा का क्या हुआ ? मंहगाई से राहत देने के बजाय गैस, खाद्य पदार्थ सेट सभी आवश्यक वस्तुओं की मूल्य इतनी क्यों बढ़ी है। महिलाओं के लिए लोकसभा, विधानसभा चुनाव में आरक्षण देने के वायदे कब पूरी होगी। उन्होंने कहा कि बिहार में गरीबों की सहायता के लिए जन्म से लेकर अंतिम सांस लेने तक के कई लोक कल्याणकारी योजनाएँ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में चलाया जा रहा है जबकि केन्द्र की सरकार द्वारा खाने-पीने की वस्तु समेत कफन पर भी जीएसटी लगाकर महंगा कर दिया गया है।
मंत्री लेशी सिंह ने कहा कि मोदी के वायदे की चक्की में जनता पिस गयी है। महंगाई, बेरोजगारी मोदी के झाँसा भर लोकलुभावन वायदे से जनता परेशान और आक्रोशित है। जिसका करारा जबाब लोकसभा चुनाव में जनता देने वाली है।
पत्रकारों द्वारा पूछे गए एक अन्य सवाल का जबाव देते हुए मंत्री श्रीमती सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का लक्ष्य विपक्षी दलों को एकजुट करना है ओर इस कदम में वे सकारात्मक रूप से आगे बढ़ रहें हैं। 23 जून को पटना में आयोजित विपक्षी दलों की बैठक से देशभर में बड़ा सन्देश निकलकर जायेगा।
इस दौरान अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मो. जमां खान ने मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि भाजपा के नेतागण कभी भी मुद्दों एवं जनता की समस्याओं से सम्बंधित बात नहीं करते हैं। समाज में झगड़ा लगाने के लिए अनावश्यक बयानबाजी करना भाजपा के नेताओं का पेशा बन चुका है मगर हमलोग हमलोग देश में अमन-चैन कायम करना चाहते हैं। आगे उन्होंने कहा कि 9 साल में देश में मोदी की सरकार है मगर 9 साल पहले मोदी के द्वारा जनता से किए गए वादों पर कोई भाजपाई आज बात नहीं करना चाहता है। इनलोगों का चेहरा देश की जनता के सामने बेनकाब हो चुका है। 2024 में महागठबंधन भाजपा का सफाया कर देगी।
कार्यक्रम में पार्टी के जदयू के विधान पार्षद संजय कुमार सिंह (गांधीजी) एवं मुख्यालय प्रभारी श्री अरुण कुमार सिंह जी मौजूद थे।