बिहारराजनीति

मृणाल शेखर,रानी चौबे सहित कई लोग भाजपा में शामिल

पटना। लोक जनशक्ति पार्टी के नेता डॉक्टर मृणाल शेखर और चर्चित महिला नेत्री रानी चौबे रेखा शर्मा संध्या मिश्रा युवा जदयू के विशाल गौरव राहुल रंजन सहित सैकड़ों लोगों ने सोमवार को भाजपा के प्रदेश कार्यालय में आयोजित मिलन समारोह में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने सभी नेताओं को पार्टी की सदस्यता ग्रहण करवाते हुए आशा व्यक्त करते हुए कहा कि इन नेताओं के आने से पार्टी और मजबूत होगी।
अन्य दलों से आए नेताओं का भाजपा में स्वागत करते हुए श्री चौधरी ने कहा कि बिहार में जो सरकार चल रही है, उसमें मुख्यमंत्री ना किसी की सुनने को तैयार हैं और न कुछ समझने को तैयार हैं। उन्होंने लगा कि सरकार में शामिल राजद तो गुंडों की पार्टी है। इस पार्टी में आपको भ्रष्टाचार दिखेगा या अपराधी दिखेगा।
उन्होंने कहा कि कर्नाटक विधानसभा चुनाव के बाद यह साफ हो गया कि न अब सेकेंड फ्रंट बनेगा न थर्ड फ्रंट बनेगा।
पार्टी में आये लोगों को आश्वस्त करते हुए उन्होंने दावा करते हुए कहा कि 2025 के चुनाव तक जदयू समाप्त हो जाएगा। उन्होंने कहा कि बिहार में विकास की किरण तभी पहुंचेगी जब लोगों को रोजगार मिलेगा और जब बिहार में कानून व्यवस्था की स्थिति सुधरेगी तभी रोजगार बढ़ेगा।
उन्होंने जदयू के मुंगेर में मटन, चावल की पार्टी देने पर कटाक्ष करते हुए कहा कि मटन, चावल और शराब की पार्टी देने से पार्टी नहीं बचने वाली है।
बिहार विधानमंडल के नेता प्रतिपक्ष विजय कुमार सिन्हा ने भाजपा में आए लोगों का स्वागत करते हुए कहा कि आज बिहार में राजनीतिक अस्थिरता के कारण प्रशासनिक अराजकता फैल गई है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार चरम पर है तो कानून व्यवस्था की हालत खराब है।
भाजपा के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद सुशील मोदी ने कहा कि कर्नाटक चुनाव परिणाम के बाद विपक्ष उत्साहित है, लेकिन उसे यह नहीं भूलना चाहिए कि विधानसभा और लोकसभा चुनाव में मतदाता अलग अलग तरीके से मतदान करती है।
उन्होंने कहा कि पिछली बार राजस्थान, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनी थी लेकिन लोकसभा चुनाव में भाजपा प्रचंड जीती थी।
पूर्व केंद्रीय मंत्री शाहनवाज हुसैन ने मृणाल शेखर और रानी चौबे के भाजपा में आने का स्वागत करते हुए कहा कि अब वह समय दूर नहीं जब भागलपुर, मुंगेर, बांका में अन्य दल के कोई नेता दिखे। उन्होंने कहा कि सम्राट चौधरी जी के अध्यक्ष बनने के बाद जिस तरह से उस इलाके में अभिनंदन हुआ वह इसका प्रमाण है।
इस समारोह का संचालन भाजपा के प्रदेश महामंत्री देवेश कुमार ने किया।
मिलन समारोह में मुख्य रूप से केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तार किशोर प्रसाद, रेणु देवी, बिहार सरकार के पूर्व मंत्री मंगल पांडे, डॉक्टर प्रेम कुमार , भाजपा के प्रदेश महामंत्री देवेश कुमार, डॉक्टर संजीव चौरसिया, विधान पार्षद नवल किशोर यादव, प्रदेश महामंत्री बेबी कुमारी, विधायक निक्की हेंब्रम, पवन यादव आदि उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button