बिहारराजनीति

लोग उन्हीं को बदल देंगे जो देश का इतिहास बदलना चाहते हैं : नीतीश कुमार

जदयू मुख्यालय में भामाशाह स्मृति-समारोह का भव्य आयोजन
पटना । आज जदयू मुख्यालय स्थित कर्पूरी सभागार में ‘दानवीर-शूरवीर भामाशाह स्मृति समारोह’ का भव्य आयोजन हुआ। समारोह का उद्घाटन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया, जबकि इसके मुख्य अतिथि जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह ‘ललन’ सिंह थे।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि न केवल व्यावसायी समाज बल्कि हर जाति और समुदाय को भामाशाह जी के बारे में जानना चाहिए। हमें उनका इतिहास पढ़ना चाहिए कि महाराणा प्रताप के प्रति उनका क्या योगदान रहा है। दोनों महापुरुषों को एक-दूसरे से अलग करके नहीं देखा जा सकता और हमें खुशी है कि पटना में न केवल दोनों लोगों की प्रतिमा स्थापित हो चुकी है, बल्कि दोनों लोगों की जयंती को राजकीय समारोह के रूप में मनाने का निर्णय भी हमलोगों ने लिया है।
नीतीश कुमार ने बताया कि व्यावसायी समाज के आग्रह पर जदयू व्यावसायी एवं उद्योग प्रकोष्ठ की ओर से ललन सर्राफ ने भामाशाह जी की प्रतिमा लगाने और फिर उनकी जयंती (29 अप्रैल) को राजकीय समारोह के रूप में मनाए जाने के लिए पहल की थी।
नीतीश कुमार ने कहा कि व्यवसायी समाज के लोग पहले चिन्ता में रहते थे, लेकिन अब उनके साथ कोई इधर-उधर नहीं कर सकता। वे अब सुरक्षित माहौल में काम कर रहे हैं। उद्यमियों को हमलोग हर तरह से सहयोग कर रहे हैं। उद्योग लगाने के लिए सारी सुविधा दी जा रही है। उन्होंने कहा कि हमलोग सबके हित में काम कर रहे हैं, लेकिन कुछ लोग माहौल बिगाड़ने की कोशिश में लगे रहते हैं। काम हमलोग करते हैं और कुछ लोग उसका प्रचार दिल्ली जाकर ऐसे करते हैं जैसे सारा काम वही कर रहे हों।
नीतीश कुमार ने आगे कहा कि जो देश का इतिहास बदलना चाहते हैं, वो इतिहास नहीं बदल पाएंगे, लोग उन्हीं को बदल देंगे।
राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह ‘ललन’ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साढ़े सत्रह वर्षों के कार्यकाल में बिहार का व्यवसाय कितना आगे बढ़ा, ये बताने की जरूरत नहीं है। अब किसी दूकान के आगे आप जेनरेटर लगा नहीं देखेंगे, बिहार के किसी कोने से दूसरे कोने तक मात्र पाँच से छह घंटे में पहुंच जाता है और व्यवसायी समाज से कोई रंगदारी नहीं मांग सकता। अगर कोई रंगदारी मांग ले तो वो 4 घंटे में जेल के भीतर होगा। उन्होंने कहा कि अगर बिहार को विशेष राज्य का दर्जा मिल जाय तो सबसे अधिक लाभ व्यवसायियों को ही होगा, लेकिन कुछ लोग ऐसा होने देना नहीं चाहते। ये आपलोगों को तय करना है कि आप असली के साथ रहेंगे या फिर आपको नकली के चक्कर में रहना है। आज देश में 81 हजार करोड़ रुपया का काॅरपोरेट घोटाला हुआ, जम्मू-कश्मीर के पूर्व राज्यपाल ने पुलवामा की घटना को लेकर सवाल उठाया लेकिन कहीं इन बातों पर कोई चर्चा नहीं होती। लोकतंत्र के चैथे स्तंभ पर भी कुछ लोगों ने कब्जा कर रखा है।
प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज पूरे देश में विपक्षी एकता की धुरी बनकर उभरे हैं। उन्होंने जिस तरह बिहार का कायाकल्प किया, वैसे ही पूरे देश का करेंगे। व्यावसायी समाज को बिहार में जो मान-सम्मान-स्थान मिला वो उन्हीं की नीति और विजन के कारण मिला। हमें बिहार से उन्हें इतनी ताकत देनी है कि वो पूरे देश में भी कम ना पड़े।
वित्तमंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार में अमन-चैन का ऐसा माहौल दिया कि व्यावसायी समाज के लोग निश्चिन्त होकर अपना काम कर रहे हैं और आगे बढ़ रहे हैं।
विधानपार्षद ललन सर्राफ ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आने वाली पीढ़ी की भी चिन्ता करते हैं। अभी हाल में 13,114 करोड़ की सब्सिडी देकर बिजली उपभोक्ताओं और औद्योगिक प्रतिष्ठानों को बड़ी राहत् दी है। श्री सर्राफ ने कहा कि 2024 में दिल्ली में कैबिनेट की पहली बैठक में बिहार को विशेष राज्य का दर्जा मिलेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button