
पटना। बिहार भाजपा प्रदेश कार्यालय में सोमवार को भव्य मिलन समारोह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने भाजपा की नीतियों एवं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व से प्रेरित विभिन्न पार्टियों से आए हजारों नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को पार्टी का सदस्यता ग्रहण कराई।
उन्होंने भाजपा में आए लोगों का आह्वान करते हुए कहा कि 2024 में केंद्र में भाजपा की सरकार बनानी है और बिहार में भी अब भाजपा की सरकार बनानी है। उन्होंने इसके लिए बूथ मजबूत करने पर बल दिया।
इस मौके पर बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी ने भाजपा में आए लोगों का स्वागत करते हुए कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री को देश के प्रधानमंत्री से बहुत चिढ है।उन्होंने कहा कि बिहार पुलिस के सोशल मीडिया साइट पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की की तारीफ वाला एक गाना पोस्ट होने पर उन्होंने उस व्यक्ति को ही निलंबित कर दिया। नीतीश कुमार जी आप भले ही सोशल साइट से तो गाना हटवा सकते हैं, लेकिन जो प्रधानमंत्री के नाम का गली-गली में शोर है, उसे कैसे मिटा पाएंगें।
उन्होंने कहा कि आज कहा जा रहा है कि इतिहास मिटाया जा रहा है, लेकिन हकीकत है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा नया इतिहास गढ रही है।
इधर, महाराजगंज के सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने वालों का स्वागत करते हुए कहा कि आज आप सबसे बड़ी पार्टी के सदस्य बन गए हैें। उन्होंने कहा कि यह पार्टी नहीं बल्कि परिवार है जहां सदस्यता ग्रहण करने के बाद ही आपको अलग अनुभूति होगी।
उन्होंने कहा कि भाजपा के सदस्य राष्ट्र के निर्माण के लिए हमेशा लगे रहते हैें। उन्होंने कहा कि हमारे लिए सबसे बड़ा राष्ट्र है। उन्होंने लोगों से पार्टी के उत्थान और विकास में लगने की अपील की।
सदस्यता ग्रहण करने में प्रमुख नेताओं में फुलपरास के पूर्व विधायक श्री देवनाथ यादव, श्रीमती गुलजार देवी, डुमराव से पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी श्रीमती प्रतिभा सिंह सुल्तानगंज से पूर्व विधायक डॉ सुधांशु शेखर, मांझी से पूर्व प्रत्याशी श्री राणा प्रताप सिंह उर्फ डब्ल्यू सिंह युवा राजद पटना महानगर के पूर्व अध्यक्ष श्री रामराज यादव, श्री प्रभाकर सिंह, श्री विनोद यादव रहें।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री मंगल पांडेय ने कहा कि आज बड़ी संख्या में लोग भाजपा से जुड रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने देश को आगे बढाने का जो संकल्प लिया है, उसपर लोगों का विश्वास भी बढा है। उन्होंने कहा कि भाजपा रोज नए रिकार्ड बना रही है।
कार्यक्रम का संचालन प्रदेश महामंत्री श्री देवेश कुमार ने किया