2024 में भाजपा के जुमलों का शिकार नहीं बनेगी जनता : जमा खां

पटना। जदयू मुख्यालय में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में बिहार सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री जमा खां ने सभी जिलों से पहुंचे आम जनों की समस्याओं से रूबरू होकर उनके निराकरण हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कार्यक्रम में पत्रकारों से बातचीत करते हुए मंत्री जमा खां ने कहा कि पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव का ऐलान हो चुका है और इन सभी राज्यों में भाजपा का सुपड़ा साफ होना तय है। इंडिया गठबंधन ने पूरी मजबूती से जनविरोधी भाजपा को सबक सिखाने का निश्चय लिया है। हाल में हुए उपचुनाव और कर्नाटक विधानसभा चुनाव में भाजपा का जो हस्र हुआ था उससे भी बुरा हस्र आने वाले विधानसभा चुनावों में होने वाला है।
उन्होंने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने साढ़े नौ वर्षों में सिर्फ देश की जनता को छलने का काम किया है। वर्ष 2014 और 2019 में आम जनता ने बड़ी उम्मीद से भाजपा को वोट दिया था लेकिन आज वह सारी उम्मीदें खत्म हो चुकी है। 2024 में देश की जनता भाजपा के जुमलों का शिकार नहीं बनेगी।
जातीय गणना के आँकड़े पर भाजपा द्वारा लगाए जा रहे आरोपों पर जमा खां ने कहा कि बिना किसी ठोस आधार के भाजपा के लोग अनर्गल आरोप लगा रहे हैं। उनके आरोप में कोई दम नहीं है। महंगाई, बेरोजगारी जैसे गम्भीर मुद्दों से आम जनता का ध्यान हटाने के लिए इस तरह की बयानबाजी भाजपा की ओर से की जा रही है। जनता की बुनियादी समस्याओं से भाजपा का कोई लेनादेना नहीं है। इन्हें किसी भी तरह से सिर्फ सत्ता चाहिए।
इस कार्यक्रम में पार्टी के प्रदेश महासचिव अरुण कुमार सिंह एवं श्री लोक प्रकाश सिंह उपस्थित थे।