
रिपोर्ट ~ चुन्नु सिंह
भागलपुर टाउन हॉल परिसर मंगलवार को एक ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बना, जब 631 नव नियुक्त सिपाहियों को नियुक्ति पत्र सौंपे गए।
इस अवसर पर एक भव्य समारोह का आयोजन हुआ, जिसमें पुलिस महा निरीक्षक (आईजी) पूर्वी प्रक्षेत्र विवेक कुमार, जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) हृदयकांत, डीडीसी डॉ. प्रदीप कुमार सिंह और नगर आयुक्त शुभम कुमार की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम की सबसे खास बात यह रही कि नव चयनित सिपाहियों में बड़ी संख्या में महिला सिपाही शामिल थीं। उनकी भागीदारी से समारोह का वातावरण उत्साह और ऊर्जा से भर गया।
आईजी विवेक कुमार ने अपने संबोधन में कहा, “यह नियुक्ति केवल एक नौकरी नहीं है, बल्कि यह सेवा, सुरक्षा और कर्तव्य की एक जिम्मेदारी है। सभी नव नियुक्त सिपाही पूरे ईमान और निष्ठा के साथ जन सेवा करें।”
जिलाधिकारी और अन्य अधिकारियों ने भी नव नियुक्त सिपाहियों को शुभकामनाएं दीं और भविष्य में उत्कृष्ट कार्य की उम्मीद जताई।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारी, नव नियुक्त सिपाही और उनके परिजन उपस्थित थे। समारोह के समापन पर सभी को बेहतर भविष्य की कामना के साथ विदाई दी ।