बिहारराजनीति

जदयू मुख्यालय में मनाया गया पूर्व मुख्यमंत्री भोला पासवान शास्त्री का जयंती समारोह

दलितों के नाम पर राजनीति करने वाले कुछ लोग आज संविधान विरोधी भाजपा के गोद में बैठे हुए हैं : उमेश सिंह कुशवाहा

  • देश में दलितों के सबसे बड़े नेता हैं नीतीश कुमार: महेश्वर हजारी
  • देश के संविधान को नष्ट करना चाहती है भाजपा : बिजेन्द्र प्रसाद यादव
  • पासवान समाज किसी का पिछलग्गू या राजनीतिक गुलाम नहीं है : विजय कुमार चौधरी
  • देश के गरीबों की हकमारी कर रही है मोदी सरकार: श्रवन कुमार
  • भोला पासवान शास्त्री, कर्पूरी ठाकुर और नीतीश कुमार ने राजनीतिक आदर्श को स्थापित किया : मंगनी लाल मंडल

पटना। जदलयू मुख्यालय के कर्पूरी सभागार में धूमधाम से बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री भोला पासवान शास्त्री के जयंती समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन बिहार सरकार के ऊर्जा मंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव, वित्त मंत्री विजय कुमार चौधरी, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा, विधानसभा उपाध्यक्ष महेश्वर हजारी एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस कार्यक्रम में मौजूद पार्टी के वरिष्ठ नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने पूर्व मुख्यमंत्री स्व. भोला पासवान शास्त्री के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हे नमन किया।


कार्यक्रम की अध्यक्षता बिहार विधानसभा के उपाध्यक्ष महेश्वर हजारी एवं कार्यक्रम का संचालन पूर्व विधायक अजय पासवान ने किया। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि आज महान स्वतंत्रता सेनानी एवं प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री भोला पासवान शास्त्री के जयंती पर हम उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित करते हैं।
उन्होंने कहा कि भोला पासवान शास्त्री ने अपने विराट व्यक्तित्व और समाजवादी विचारों से पूरे बिहार को देशभर में गौरान्वित करने का काम किया। आज भी उनके ईमानदारी और सादगीपूर्ण जीवन की चर्चा पूरे देश में होती है। युवा पीढ़ी को जानकर आश्चर्य होगा कि मुख्यमंत्री पद पर रहते हुए भोला पासवान शास्त्री पेड़ के नीचे बैठकर अधिकारियों के साथ मीटिंग किया करते थे।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भोला पासवान शास्त्री का मानना था निचले पायदान पर खड़े व्यक्ति का विकास किए बगैर समाज और रास्ट्र का विकास नामुमकिन है। भोला पासवान शास्त्री के सपनों को आकार देने का काम मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया है। आज कुछ लोग पासवान समाज के नाम पर अपनी राजनीतिक रोटी सेक रहे हैं। उन्हें केवल वोट से मतलब है।
श्री कुशवाहा ने कहा कि बाबा साहेब का संविधान आज खतरे में है। दलित, शोषित और वंचित वर्गों से उनका अधिकार छिनने की कोशिश हो रही है। प्रदेश अध्यक्ष ने इशारों इशारों में चिराग पासवान पर निशाना साधते हुए कहा कि दलितों के नाम पर राजनीति करने वाले लोग आज संविधान विरोधी भाजपा की गोद में जाकर बैठ गए हैं। वैसे लोगों से हमें सचेत रहने की आवश्यकता है।


कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए विधानसभा उपाध्यक्ष महेश्वर हजारी ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भोला पासवान शास्त्री ने समाज को जगाने का काम किया है। उनका त्याग और समाज के प्रति अटूट समर्पण हम सभी को हमेशा प्रेरती करता रहेगा। महेश्वर हजारी ने लोजपा (आर) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव जीतने के बाद पासवान समाज को बदहाल स्थिति में छोड़कर खुद दिल्ली चले जाते हैं। उन्हें केवल चुनाव के समय ही अपने समाज की याद आती है लेकिन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एकमात्र ऐसे नेता है जो हमेशा दलित-शोषित समाज के लिए चिंतित रहते हैं। मुख्यमंत्री ने पंचायती राज और नगर निकाय में हमें आरक्षण देकर समाज का प्रतिनिधित्व करने का मौका दिया। हमें यह बात कहने में कोई गुरेज नहीं है कि आज पूरे देश में दलितों के सबसे बड़े नेता मुख्यमंत्री नीतीश कुमार है।
बिहार सरकार के ऊर्जा मंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव ने कहा कि आज की राजनीति में गरीब और कमजोर वर्गों बारे में सोचने वाले बहुत कम लोग हैं। गरीब जनता गरीबी की तरफ बढ़ रहा है लेकिन भाजपा के लोग संविधान को नष्ट करने में लगे हैं। लोकतंत्र को मिटाने की कोशिश हो रही है और चुनाव के दौरान जुमलों का बौछार किया जाता है। हम सभी को ऐसे लोगों से सतर्क रहने की जरूरत है। हमें किसी के भी बहकावे में नहीं आना है। साथ ही उन्होंने कहा कि भोला पासवान शास्त्री एवं कर्पूरी ठाकुर के पदचिन्हों पर माननीय मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार देश में परिवर्तन की राजनीति को धारदार बना रहे हैं।
बिहार सरकार के वित्त मंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि राजनीतिक व्यस्तता के कारण मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज इस कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके लेकिन उन्होंने हमारे माध्यम से आप सबों के लिए संदेश भेजा है। आज भोला पासवान शास्त्री की जयंती समारोह में प्रदेशभर से इस कार्यक्रम में पहुंचे सभी लोगों के प्रति माननीय मुख्यमंत्री ने अपना लगाव और जुड़ाव प्रेषित किया है। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए महेश्वर हजारी का भी हम धन्यवाद प्रकट करते हैं। उन्होंने कहा कि हमारा यह समाज किसी का गुलाम या पिछलग्गू नहीं है और पासवान समाज में भी जागरूकता किसी समाज से कम नहीं है। जागरूकता का ही प्रमाण है कि पासवान समाज भी अन्य समाज की तरह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रति अपना समर्पण जाहिर कर रहा है।
बिहार सरकार के ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि भोला प्रसाद शास्त्री के मन में बिहार के दलित, शोषित और वंचित समाज को उनका अधिकार देने का सपना था। आज हमारे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार उन्हीं के सपनों को साकार करने में दिन-रात मेहनत कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार वंचित समाज के लोगों की हकमारी कर रही है। पिछले तीन वर्षों में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बिहार को आवास योजना का एक भी लक्ष्य प्राप्त नहीं हुआ है। केंद्र सरकार के इस रवैया को देखते हुए मुख्यमंत्री ने प्रदेश में मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना की शुरुआत की जिसके माध्यम से आज बिहार के गरीबों को आवास मिल रहा है।


पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मंगनी लाल मंडल ने कहा कि भोला पासवान शास्त्री, कर्पूरी ठाकुर एवं वर्तमान समय में माननीय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने राजनीतिक जीवन में उच्च आर्दशों को स्थापित करने का काम है। हमारे इन तीनों नेताओं ने अपने कार्यकाल के दौरान भ्रष्टाचार पर जीरो टाॅलरेंस की नीति अपनाई। मंगनी लाल मंडल ने कहा कि सादगी और ईमानदारी भोला पासवान शास्त्री की महत्वपूर्ण विशेषता थी। आज भी एक आदर्श के रूप में लोग उनके गुणो को अंगीकार करते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button