बिहार

मुंगेर डीएम ने अंग महोत्सव की तैयारी का लिया जायजा

लालमोहन महाराज, मुंगेर

कला, संस्कृति एवं युवा विभाग तथा जिला प्रशासन मुंगेर के संयुक्त तत्वावधान में आगामी 16 एवं 17 दिसंबर को होने वाले अंग महोत्सव 2023-24 की तैयारी अंतिम चरण में है। शुक्रवार को जिलाधिकारी अवनीश कुमार सिंह स्वयं मुख्य समारोह स्थल पोलो मैदान में जाकर पंडाल निर्माण और चल रहे तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी अंग महोत्सव भव्य तरीके से मनाया जाएगा। तैयारी भी अपने अंतिम चरण में है। जिले की तमाम जनता इस कार्यक्रम में आमंत्रित हैं।बता दें कि 16 दिसंबर को सांस्कृतिक कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी द्वारा संध्या 5.30 बजे किया जाएगा, जिसमें स्थानीय कलाकारों द्वारा अपनी प्रस्तुति दी जायेगी।
जिलाधिकारी ने बताया कि बिहार में पहली बार अंग महोत्सव मुंगेर में 17 दिसंबर को संध्या 6:30 बजे से होने वाले कार्यक्रम में बॉलीवुड के मशहूर सिंगर सचेत और परम्परा अपनी मनमोहक प्रस्तुति देंगे। उनके द्वारा बिहार में अब तक एक भी प्रदर्शन नहीं किया गया है। यह पहला मौका है जब उक्त दोनों सेलिब्रिटीज बिहार के मुंगेर जिले में अपना प्रदर्शन देंगे।

16 दिसंबर को पोलो मैदान से प्रातः 8:00 बजे प्रभात फेरी सह हेरिटेज वॉक निकाली जाएगी। 10:00 बजे सदर अस्पताल में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। 11:00 बजे पोलो मैदान में रंगोली पेंटिंग कार्यक्रम आयोजित किया गया है। संध्या 5:30 बजे सांस्कृतिक कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी अवनीश कुमार सिंह द्वारा किया जाएगा। सांस्कृतिक कार्यक्रम में विभिन्न प्रकार के विधाओं से संबंधित कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें युवा एवं अन्य कलाकारों द्वारा अपनी बेहतरीन प्रस्तुति दी जायेगी।
17 दिसंबर को दिन के 11:00 बजे रक्तदान शिविर का आयोजन सदर अस्पताल स्थित रक्त समूह केंद्र में किया जाएगा। इस मौके पर 18 वर्ष से अधिक उम्र के युवा एवं अन्य व्यक्ति स्वेच्छा से रक्तदान कर सकते हैं, जबकि संध्या 5:30 बजे स्थानीय कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी जायेगी। 17 दिसंबर को आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम का उद्घाटन प्रमंडलीय आयुक्त संजय कुमार सिंह द्वारा किया जाएगा। जिलाधिकारी ने समस्त शहरवासियों एवं जिलावासियों को इस कार्यक्रम में सम्मिलित होने का आमंत्रण देते हुए कार्यक्रम का आनंद उठाने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button