बिहारराजनीति

बिहार विधानसभा का आज काला दिन, पासवान जाति के विधायक को दी गई गाली : डॉ. संजय जायसवाल

भ्रष्टाचारियों को शरण देना सरकार का कर्तव्य हो गया है : डॉ संजय जायसवाल

पटना । विधानसभा के बजट सत्र के दौरान आज पासवान जाति से आने वाले भाजपा विधायक लखींद्र पासवान को सदन से दो दिन के निलंबित किए जाने के बाद बिहार भाजपा के अध्यक्ष डॉ संजय जायसवाल ने इसे विधानसभा का काला दिन बताया है।

उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष अवध बिहारी चौधरी पर विपक्ष के साथ भेदभाव बरतने का आरोप लगाते हुए कहा कि दलित विधायक को आज सत्ता पक्ष के एक विधायक द्वारा सदन में गाली दी गई।
भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए डॉ जायसवाल ने कहा कि पासवान को दलित होने के कारण विधानसभा से दो दिन के लिए निलंबित कर दिया गया।
उन्होंने कहा कि श्री पासवान आंगनबाड़ी सेविका और सहायिका की बात कर रहे थे। उनके मानदेय बढ़ाने को लेकर सरकार से प्रश्न कर रहे थे।
इस दौरान सत्ता पक्ष के एक विधायक ने श्री पासवान को गाली दी। उन्होंने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष ने गाली देने वाले विधायक पर इसलिए कारवाई नहीं की क्योंकि जिस दल से वे आते हैं, उस दल में उनकी ही जाति का वर्चस्व है।
उन्होंने दावा करते हुए कहा कि राजद को प्रारंभ से ही दलित से घृणा है। इस कारण ये लोग दलित को अपमानित करना अपना हक समझते हैं।
भाजपा नेता ने राजद के नेता और उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि आजकल उनकी रूदाली खूब दिख रही है। मुद्दा सी बी आई और छापेमारी, भाई बहन का नहीं है बात नौकरी के बदले जमीन लिखवाने की है।
उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव को बिहार के नेताओं से माफी मांगते हुए बताना चाहिए कि उनका परिवार नौकरी के नाम पर जमीन लिखवाई है या नहीं। उन्होंने कहा कि गोपालगंज में उनके घर गाय का दूध दुहने वाला भी लालू परिवार को 70 लाख दान करने की क्षमता हो जाएगा, यही बेनामी संपत्ति है।
उन्होंने तेजस्वी यादव को भ्रष्टाचार का प्रतीक बताते हुए कहा कि उन्हें बताना चाहिए कि न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी में चार लाख की कीमत पर चार मंजिला मकान उन्हें कैसे मिली।
डा जायसवाल ने दावा करते हुए कहा कि जो भ्रष्टाचार हुआ है उसके सबूत जदयू के अध्यक्ष ललन सिंह ने ही उपलब्ध करवाए थे। सिंह आज भले इधर उधर की बात कर रहे हैं। उन्हे लोगों को सामने आकर बताना चाहिए कि जो सबूत उन्होंने उपलब्ध करवाए थे, वह गलत है।
भाजपा नेता ने एक प्रश्न के उत्तर में कहा कि अब तो राजद के नेता भी सुरक्षित नहीं है। सारण से आज ही राजद नेता का अपहरण हो गया। बेतिया के सांसद जायसवाल ने बिहार के लोगों से भ्रष्टाचारियों को भगा देने की अपील की। उन्होंने कहा कि ये भ्रष्टाचारी आदतन अपराधी हैं।
इस प्रेस वार्ता में प्रदेश उपाध्यक्ष सिद्धार्थ शंभू, प्रदेश प्रवक्ता अरविंद सिंह, अखिलेश सिंह, प्रदेश मीडिया प्रभारी राकेश कुमार सिंह, राजेश कुमार झा और अशोक भट्ट उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button