पीएमसीएच के पूर्व अधीक्षक डाॅ. विमल कारक ने थामा जदयू का दामन

- पटना की ऐतिहासिक धरती से होगा भाजपा मुक्त भारत बनाने का एलान : ललन सिंह
- जनहित से जुड़े सवालों पर असहाय हो जाती है भाजपा : उमेश सिंह कुशवाहा
पटना। पार्टी मुख्यालय स्थित कर्पूरी सभागार में आयोजित मिलन समारोह में पीएमसीएच के पूर्व अधीक्षक डाॅ. विमल कारक ने जनता दलयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह सांसद राजीव रंजन सिंह ‘‘ललन’’ की मौजूदगी में अपने सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ पार्टी की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण की।
इस मौके पर राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने बधाई देते हुए कहा कि डाॅ. विमल कारक जैसे अनुभवी और समाजहित के प्रति सदैव तत्पर रहने वाले व्यक्ति का हमारी पार्टी से जुड़ना कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा देगा। आज जिस प्रकार का माहौल देश में बना हुआ है उससे हर व्यक्ति चिंतित है। संविधान की रक्षा के लिए सही सोच वाले जागरूक लोगों को अपनी भूमिका को समझते हुए आगे आने की आवश्यकता है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि 9 वर्षों के शासनकाल में भाजपा की सरकार ने देश को पूरी तरह से चौपट कर दिया है। सड़क पर निकलकर पूछिये तो एक भी जनता मोदी सरकार की नीतियों से खुश नहीं है। गुजरात के चंद धन्नासेठों तक भाजपा की केंद्र सरकार का कार्यक्षेत्र सिमटकर रह गया है। देश के प्रति जिम्मेदार सभी संवैधानिक संस्थाओं पर भाजपा का नियंत्रण है। जिस संविधान और लोकतंत्र के प्रति मोदी ने प्रधानमंत्री पद का शपथ लिया था आज उसी लोकतंत्र का सरेआम गला घोंटा जा रहा है। आज देश में बोलने की आजादी समाप्त हो चुकी है, घोषित आपातकाल से भी बुरे दौर से हमारा आज देश गुजर रहा है लिहाजा अपने देश को बचाने के लिए लिए हमारे मुख्यमंत्री की अगुवाई में देश का
विपक्ष भी भाजपा के खिलाफ गोलबंद हो रहा है। 23 जून को पटना की ऐतिहासिक भूमि से भाजपा मुक्त भारत बनाने का संकल्प लिया जाएगा।
पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मंगली लाल मंडल ने कहा कि डाॅ. विमल कुमार कारक छात्र जीवन से ही सामाजिक क्षेत्रों में सक्रिय रहे हैं। स्वास्थ्य क्षेत्रों में भी उन्होंने अपनी जिम्मेदारी को गंभीरतापूर्वक निभाने का काम किया है। सामाजिक न्याय और धर्मनिरपेक्षता हमारी पार्टी की बुनियाद है हम आशा करते हैं डाॅ. विमल कुमार नेतृत्व
में शामिल होने वाले सभी साथीगण पार्टी के संकल्पो पर चलकर समाज को एकजुट और सदृढ़ करने का काम करेंगे। हम सभी जानते हैं कि भाजपा आज देश के धर्मनिरपेक्षता और लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर करने का प्रयास कर रही है, इसके खिलाफ हमें एकत्रित होकर 2024 में भाजपा का सफाया करना है।
बिहार जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि हमारी लड़ाई संविधान विरोधी सम्प्रदायिक शक्तियों के खिलाफ है। संविधान में आस्था रखने वाला हर व्यक्ति भाजपा को केंद्र की सत्ता से उखाड़ फेंकने का संकल्प ले चुका है। भाजपा पुराने इतिहास को बदलकर अपने नाम का इतिहास गढ़ना चाहती है लेकिन ऐसा नहीं होगा। यह गांधी और अंबेडकर का देश है, यहां हत्यारे गोडसे और माफिवीर सावरकर का महिमामंडन किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं हो सकता है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा ने 9 सालों में अब तक सिर्फ देश के आम आवाम को धार्मिक मुद्दों के सहारे गुमराह करने का काम किया है। बेरोजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार, काॅरपोरेट घोटाले, राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे गंभीर सवालों के सामने भाजपा के नेता असहाय महसूस करने लगते हैं। सत्ता के अहंकार में इन्हें जनता की चीखपुकार सुनाई नहीं देता। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में देश का विपक्ष भाजपा को नेस्तनाबूद करने के लिए एकजुट हो रहा है। 2024 लोकसभा चुनाव में देशभर से भाजपा को खदेड़ कर नागपुर की शाखा में पहुँचा देंगे।
जदयू की सदस्यता ग्रहण करने वाले डाॅ. विमल कारक ने कहा कि यह मेरे लिए सौभाग्य का विषय है कि मुझे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में पार्टी को मजबूती प्रदान करने की दिशा में कार्य करने का अवसर मिल रहा है। मुझे इस बात का भी गर्व है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के द्वारा मुझे सदस्यता दिलाई गई है, पार्टी निर्देश पर मुझे जो जिम्मेदारी सौंपी जाएगी उसका मैं निष्ठापूर्वक निर्वहन करूँगा। बिहार और राष्ट्र के नवनिर्माण में मुख्यमंत्री के विचारों को आत्मसात कर पार्टी को मजबूत करने के लिए सदैव तत्पर हैं। आगे उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि मोदी सरकार के शासनकाल में लगातार दलित व पिछडों समाज के अधिकारों पर हमले किए जा रहे हैं।
इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से जदयू बिहार सरकार के मंत्री संजय कुमार झा, चिकित्सा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष डाॅ. एल.बी सिंह, विधान पार्षद संजय कुमार सिंह ‘‘गांधी’’, पार्टी के प्रवक्ता डाॅ. सुनील कुमार सिंह, वरीय नेता लोकप्रकाश सिंह मौजूद थे।
कार्यक्रम का संचालन मुख्यालय प्रभारी श्री वासुदेव कुशवाहा ने किया।
जदयू की सदस्यता ग्रहण करने वालों में मुख्य रूप से ई. सुमन मांझी , पूर्व वार्ड पार्षद प्रमोद गुप्ता, मेडिवर्सल हाॅस्पिटल के निदेशक श्री नवनीत सिंह, अतुल कुमार वर्मा, चन्द्रशेखर सिंह, आरपी वर्ल्ड हाॅस्पिटल के निदेशक डाॅ. प्रशांत, अतुल कुमार वर्मा, अनिल पटेल, स्वीकृति भारद्वाज, एफ.ए खान समेत सैकड़ों लोग थे।