
पटना। राजद के राष्ट्रीय प्रवक्ता और राज्यसभा सांसद मनोज झा द्वारा संसद के विशेष सत्र में एक कविता के जरिए एक समाज वर्ग को अपमानित करने के विरोध में भाजपा ने गुरुवार को राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद और बिहार के उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव का पुतला फूंका।
भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता एक जुलूस की शक्ल में प्रदेश कार्यालय से निकलकर आयकर गोलंबर पहुंचे। इस दौरान भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने राजद और लालू प्रसाद के विरोध में जमकर नारेबाजी की।
इसके बाद भाजपा के कार्यकर्ताओं ने लालू प्रसाद और तेजस्वी यादव के पुतले को जलाकर सांसद झा के बयान का विरोध किया।
इस मौके पर पूर्व मंत्री और विधायक नीरज कुमार बबलू ने कहा कि राजद की शुरू से रणनीति समाज, जाति को बांटने को रही है। उन्होंने साफ लहजे में कहा कि लालू प्रसाद एक बार फिर उसी रणनीति को लेकर चाल चली है।
उन्होंने कहा कि पहले संसद में अपने सांसद मनोज झा के जरिए एक समाज को अपमानित करवाया और उसके बाद अब एक विधायक के जरिए मरहम लगाने का काम करवा रहे हैं।
उन्होंने राजद को चुनौती देते हुए कहा कि राजद के अध्यक्ष को अब समझ लेना चाहिए कि राजद का सूर्य अस्त हो गया है। अब बिहार के लोग उनकी हर चाल को समझते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ऐसे किसी भी समाज तोड़ने वाले बयान की निंदा करता है।
इस मौके पर विधायक नीरज कुमार बबलू के अलावा
प्रदेश उपाध्यक्ष अमृता भूषण, सिद्धार्थ शंभू, धीरेन्द्र सिंह, प्रदेश मुख्यालय प्रभारी अरविंद सिंह, प्रदेश प्रवक्ता राकेश कुमार सिंह,भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष भारतेंदु मिश्रा,भाजयुमो प्रदेश महामंत्री सीमांत शेखर,मिडिया सह- प्रभारी अमित प्रकाश बब्लू, सुरज पांडे मीडिया पैनलिस्ट पूनम सिंह और उपेन्द्र सिंह सहित सैकड़ों युवा मोर्चा के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।