बिहारराजनीति

शिक्षक व स्नातक क्षेत्र के होने वाले चुनावों में सभी सीटों पर होगी महागठबंधन प्रत्याशियों की जीत : उमेश सिंह कुशवाहा

पटना। बिहार प्रदेश जनता दल (यूनाईटेड) के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि हमारे सर्वमान्य नेता बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शिक्षा के क्षेत्र में लगातार जो उल्लेखनीय कार्य किये हैं वो मील का पत्थर बन चुका है। उन्होंने शिक्षक एवं स्नातक क्षेत्र से होने वाले विधान परिषद चुनाव में जदयू सहित महागठबंधन के सभी प्रत्याशियों की जीत का दावा करते हुए कहा कि महागठबंधन के सभी कार्यकर्ता तन मन धन से चुनाव अभियान में लग गए हैं।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि विगत 17 वर्षों में मुख्यमंत्री ने हर वर्ग के लिए सभी क्षेत्रों में विकास का प्रतिमान स्थापित किया है। प्राथमिक विद्यालयों से लेकर इंजीनियरिंग और मेडिकल कालेजों का जाल बिछाया है। उन्होंने इंटर पास लड़की को 25 हजार, ग्रेजुएट और बीपीएससी का 50,000 तथा यूपीएससी पास करने वाली लड़कियों को एक लाख रूपये प्रोत्साहन राशि देने का काम किया।
हमारे नेता ने महिलाओं को मुख्यधारा से जोड़ उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए त्रिस्तरीय पंचायती राज एवं नगर निकाय के चुनाव में 50 प्रतिशत आरक्षण दिया। शिक्षक बहाली में 50प्रतिशत तथा सिपाही बहाली में महिलाओं को 35प्रतिशत आरक्षण दिया। फलस्वरूप आज देश में सर्वाधिक महिला पुलिस बिहार में है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि गांधी- लोहिया आधी आबादी को अधिकार और सम्मान की जो बात करते थे उसे हमारे नेता ने सरजमी पर उतारने का काम किया। उनके मान-सम्मान का पूरा-पूरा ख्याल रखा। महिलाओं को सशक्त बनाने, स्वरोजगार से जोड़ने, आत्मनिर्भर बनाने के लिए 10 लाख से ज्यादा स्वयं सहायता समूह बना एक करोड़ से ज्यादा महिलाओं को जोड़ा गया हैं। महिलाओं को स्वरोजगार के लिए 5 लाख अनुदान सहित दस लाख रुपया बिना ब्याज का दिया।
उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा की मुख्यमंत्री ने वंचितों, पिछड़ों एवं अनुसूचित जाति के तमाम लोगों को विकास की मुख्यधारा में लाने का जो अलख जगाया है उसका कोई दूसरा उदाहरण स्वतंत्र भारत में नहीं मिलता। आज बिहार में अनुसूचित जाति के लोगों को राजनैतिक, सामाजिक एवं आर्थिक रूप से लगातार सशक्त किया जा रहा है।
प्रदेश की बागडोर संभालते ही पंचायतों एवं नगर निकायों में इन्हें आरक्षण देने का काम किया, जिससे आज इस समाज के लोग नेतृत्वकारी भूमिका में आए हैं। मुख्यमंत्री किसी राजनैतिक लाभ या वोट के लिए नहीं बल्कि वोटर के लिए काम करते रहते हैं। वो बाबा साहेब के सपने को साकार करने, सामाजिक न्याय एवं सामाजिक सुधार के लिए काम करते हैं। आज राज्य में पाँच सौ से अधिक योजनाएं चल रही हैं और सभी योजनाओं में बँचित समाज को प्रमुखता एवं प्राथमिकता दी गयी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button