बिहारराजनीति

लोकतंत्र की सलामती के लिए भाजपा को केन्द्र से उखाड़ फेंकने का संकल्प लें : उमेश सिंह कुशवाहा

भागलपुर। भागलपुर जिला के कहलगांव विधानसभा में जनता दलयू द्वारा एकदिवसीय जननायक कर्पूरी चर्चा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यअतिथि के रूप में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा मौजूद रहे। इस दौरान अपने सम्बोधन में उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि कहलगांव की यह धरती क्रांति की धरती रही है, असहयोग आंदोलन के दौरान राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने इसी धरती से अंग्रेजों के खिलाफ बिगुल फूंकने का काम किया था। इसलिए वर्तमान समय में भाजपा मुक्त भारत बनाने के संकल्प को साकार करने हेतु यहां के लोगों से विशेष अपेक्षा है। हमारे नेता नीतीश कुमार ने देशभर के विपक्षी पार्टियों को एकजुट कर भाजपा को केन्द्र की गद्दी से हटाने का संकल्प लिया है। पूरा देश आज बिहार की तरफ आशा और उम्मीद भरी की नजरों से देख रहा है और हमें पूरा विश्वास है कि बिहार की जनता लोकसभा की सभी 40 सीटें इंडिया गठबंधन के खाते में डालकर मोदी सरकार को केंद्र की सत्ता से अपदस्थ करने में अहम भूमिका अदा करेगी।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जननायक कर्पूरी ठाकुर के विचारों से प्रेरणा लेकर बिहार के शोषित, वंचित और अतिपिछड़ा वर्गों के उत्थान में दिनरात लगे हुए हैं। कर्पूरी ठाकुर के सामाजिक न्याय की परिकल्पना को नीतीश कुमार ने ही साकार रूप देने का काम किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा अनुसूचित जाति-जनजाति और पिछड़ा समाज को मिल रहे आरक्षण को भी खत्म करना चाहती है। इसलिए हमें आरक्षण, संविधान और लोकतंत्र की सलामती के लिए भाजपा को 2024 में उखाड़ फेंकने का संकल्प लेना है।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल वोट के लिए अतिपिछड़ों के हिमायत होने का नाटक करती है। उनके बहकावें में अब नहीं आना है। बीते नौ सालों के दौरान भाजपा की मोदी सरकार ने अतिपिछड़ों के साथ दोहरा व्यवहार किया है। हालिया उदाहरण महिला आरक्षण बिल है, जिसमें पिछड़ा और अतिपिछड़ा वर्ग की महिलाओं को इसके लाभ से वंचित रखने की साजिश की गई।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि नीतीश कुमार ने अतिपिछड़ा और पिछड़ा समाज के लोगों को राजनीतिक रूप से सशक्त और सक्षम बनाने के लिए वर्ष 2006 में पंचायती राज एवं 2007 में नगर निकाय संस्था में आरक्षण देने का काम किया। लेकिन भाजपा द्वारा उसी अतिपिछड़ा आरक्षण को भी खत्म करने की पुरजोर कोशिश की गई। बीते साल नगर निकाय चुनाव में ही भाजपा ने अतिपिछड़ा आरक्षण के खिलाफ कोर्ट में याचिका दायर कर अपनी मानसिकता को उजागर कर दिया था।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि 9 वर्षों में देश के अन्दर कोई काम नहीं हुआ है। केवल जाति-धर्म के नाम पर भाजपा द्वारा समाज में विभेद पैदा करने की कोशिश की गई है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अपने एक भी वादे पर खरे नहीं उतरे हैं। उनका प्रत्येक वादा जुमला और ढकोसला साबित हुआ। उन्होंने कहा कि भाजपा को केवल सत्ता का मोह है, और सत्ता को बचाए रखने के लिए भाजपा लोकतंत्र और संविधान को भी कुचलने के लिए अमादा है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता भागलपुर के जिलाध्यक्ष विपिन बिहारी सिंह एवं मंच का संचालन श्री संजय राम ने किया।

इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से बिहार सरकार के समाज कल्याण मंत्री मदन सहनी, लघु व जल संसाधन मंत्री जयंत राज, सांसद अजय मंडल, विधायक दामोदर रावत, पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव सह पूर्व राज्यसभा सांसद कहकशा परवीन, पूर्व विधायक लक्ष्मीकांत मंडल, प्रमंडल प्रभारी प्रह्लाद सरकार, शुभानन्द मुकेश, पप्पू निषाद, विभूति गोस्वामी, नवगछिया के जिलाध्यक्ष त्रिपुरारी कुमार भारती, रिंटू चन्द्रवंशी, सिपु मंडल, संजीव कुमार, शिशुपाल, रजनीकांत, सोनी कुमारी, शहबाज आलम, विवेक गुप्ता, विजय मंडल, किशोर कुमार मंडल, दिवाकर सिन्हा, मनोहर कुमार सहित बड़ी संख्या में पार्टी के अन्य कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button