
पटना। भारतीय जनता युवा मोर्चा बिहार के प्रदेश अध्यक्ष भारतेंदु मिश्रा के अध्यक्षता में नवगठित प्रदेश टीम और सभी संगठनात्मक जिला के अध्यक्षों की बैठक बिहार भाजपा मुख्यालय में हुई। बैठक में प्रमुख रूप से बिहार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी,संगठन महामंत्री भिखूभाई दालसनिया,भाजयुमो प्रदेश प्रभारी दुर्गेश सिंह, महामंत्री सीमांत शेखर, शशि रंजन और नीरज नवीन उपस्थित रहें।
इस मौके पर सम्राट चौधरी ने कहा कि युवा मोर्चा आगामी लोकसभा और विधानसभा चुनाव में अहम भूमिका निभाने जा रही है। युवा मोर्चा राज्यभर में भ्रमण कर युवाओं और शिक्षण संस्थाओं के छात्रों को एकजुट कर उन्हें पार्टी की विचारधारा से जोड़े। श्री चौधरी ने सोशल मीडिया का उपयोग और युवा मोर्चा के आगामी 12 जनवरी को आयोजित युवा समागम सह युवा जनप्रतिनिधि सम्मान समारोह की तैयारियों पर मार्गदर्शन करते हुए कार्यक्रम से संबंधित पोस्टर जारी किया।
मौके पर संगठन महामंत्री भिखूभाई दालसानिया ने युवा मोर्चा के नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई दी और उन्हें पार्टी को सुदृढ़ करने में युवा मोर्चा की भूमिका पर विशेष रूप से सभी का मार्गदर्शन किया।
प्रदेश अध्यक्ष भारतेंदु मिश्रा ने सभी नवनियुक्त प्रदेश पदाधिकारियों को शुभकामना देते हुए 2024 लोकसभा व 2025 विधानसभा में भाजपा को विजयी बनाने के लिए संकल्प दिलाया। श्री मिश्रा ने सभी प्रदेश पदाधिकारी को अंगवस्त्र से सम्मानित कर उन सभी का एक-एक कर परिचय लेते हुए उन्हें दायित्व के बारे में और कार्ययोजना का विस्तारपूर्वक मार्गदर्शन किया। सभी जिलाध्यक्षों से जिला कार्यसमिति एवं मंडल कार्यसमिति का गठन करने और आगामी कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार को शुरू करने का आग्रह किया। श्री मिश्रा ने कहा कि सोशल मीडिया का चुनाव में बढ़ते महत्व पर बिहार के सभी संगठनात्मक जिला के शक्ति केंद्र पर सोशल मीडिया वॉरियर्स नियुक्त करेगी साथ ही सभी जनप्रतिनिधियों की सूची बनाकर उन्हें पार्टी की विचारधारा से जोड़ने का कार्य करेगी।