
भागलपुर। जन अधिकार पार्टी के नेता पप्पू यादव ने अगुवानी सुल्तानगंज पुल के गिरने का जायजा लिया, और इस मामले में व्यापक भ्रष्टाचार होने का आरोप लगाते हुए इसका उच्च स्तरीय जांच करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि आज हमने भ्रष्टाचार की भेंट दो बार चढ़ चुकी अगुवानी – सुल्तानगंज पुल का जायजा लिया। इस पुल के गिरने में कंस्ट्रक्शन कंपनी सिंगला और सरकार के भ्रष्ट अधिकारियों की लूट मुख्य कारण है। पिछली बार भी पुल गिरा था, लेकिन आज तक न उसका जांच हुआ और न ही सिंगला के कार्यों की समीक्षा हुई।
उन्होंने कहा कि पुल निगम और पीडबल्यूडी के अधिकारियों की संपत्ति की जांच हो और इस पुल में उनकी भूमिका की जांच हो। पुल निगम को विभाग से अलग करने के समय यह स्पष्ट हो गया था कि निगम दुधारू गाय बन चुका था।
पुल गिरने के बाद गरीब के जो परिजन लापता हैं, उसको खोजने की किसी को चिंता हैं। इस मामले में सिंगला कंपनी के मालिक, सचिव और इंजीनियर पर एफआईआर दर्ज हो। मंत्रियों की संपत्ति की जांच हो। सरकार इस घटना की जांच उच्च न्यायालय के जस्टिस से करवाए। सिंगला को ब्लैक लिस्टेड करने की भी मांग करते हैं। सिंगला कंपनी के अधिकारियों के कॉल डिटेल्स की जांच हो। बिहार में अब तो पुल पर चढ़ने में डर लगेगा। क्वालिटी और क्वान्टिटी का जांच करवा कर आगे काम को बढ़ाया जाय। वहां कई लोगों के लापता होने की बात भी सामने आई है और एक की मौत होने की भी सूचना मिली, जिसके परिजनों को हमने 20 हजार रुपए की आर्थिक मदद की।