
रिपोर्ट ~ चुन्नु सिंह
राजमहल, साहिबगंज | 03 जुलाई 2025
मॉडल कॉलेज राजमहल में अंतरराष्ट्रीय प्लास्टिक बैग मुक्त दिवस के मौके पर एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन हुआ।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज के प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह ने की। उन्होंने विद्यार्थियों को सिंगल यूज प्लास्टिक से होने वाले खतरों के प्रति आगाह करते हुए कहा कि यह पर्यावरण के लिए बड़ा खतरा है और इससे मिट्टी, जल, जैव विविधता सभी प्रभावित हो रहे हैं।
प्राचार्य ने छात्रों से अपील की कि वे पॉलिथीन के स्थान पर कपड़े या जूट के थैले अपनाएं और प्लास्टिक वस्तुओं से दूरी बनाएं। परीक्षा पर्वेक्षक श्री भैया बेसरा ने भी प्लास्टिक कचरे से होने वाले पर्यावरणीय और स्वास्थ्य संबंधित खतरों पर प्रकाश डाला और कानूनी प्रतिबंध के कड़ाई से पालन की आवश्यकता बताई।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. रमज़ान अली ने किया। इस अवसर पर शहीद ब्रिगेडियर मोहम्मद उस्मान और कैप्टन मनोज कुमार पांडेय को भी श्रद्धांजलि दी गई।
कार्यक्रम में डॉ. अमित कुमार, डॉ. विवेक महतो, कर्मचारी मोहन सिंह, सुमित साहा, प्रकाश महतो सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल हुए। सभी ने प्लास्टिक मुक्त परिसर का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन “प्लास्टिक हटाओ, प्रकृति बचाओ” जैसे नारों के साथ हुआ।