झारखण्डपर्यावरणराज्यशिक्षा

पेड़ का जन्मदिन मना मॉडल कॉलेज राजमहल ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

"पर्यावरण से प्रेम का अनोखा उदाहरण - बच्चों संग पेड़ का उत्सव"

रिपोर्ट ~ चुन्नु सिंह 

राजमहल, 4 जून 2025 | विशेष रिपोर्ट

विश्व पर्यावरण दिवस की पूर्व संध्या पर मॉडल कॉलेज, राजमहल ने एक अनोखी मिसाल पेश की। कॉलेज परिसर में पूर्व में लगाए गए एक वृक्ष का “जन्मदिन” केक काटकर और मिठाई बांटकर मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन कॉलेज के प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह के निर्देशन में तथा उपायुक्त हेमंत सती के आह्वान पर किया गया।

इस विशेष आयोजन में बच्चों के बीच पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूकता फैलाने का प्रयास किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य था—वृक्षारोपण के साथ-साथ लगाए गए पेड़ों की सुरक्षा और देखभाल के प्रति भावनात्मक जुड़ाव विकसित करना।

पेड़ को रक्षा सूत्र बांधकर उसकी लंबी उम्र की कामना की गई और विद्यार्थियों ने उसकी देखभाल का संकल्प लिया। इस अवसर पर केक काटा गया और बच्चों के बीच मिठाइयां वितरित की गईं। कार्यक्रम में छात्रों ने पर्यावरण को बचाने का संकल्प लिया और “एक पेड़, सौ जीवन” जैसे नारों के साथ परिसर गुंजायमान हो उठा।

प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह ने कहा कि “पेड़ भी जीवित हैं। जैसे हम अपनों का जन्मदिन मनाते हैं, वैसे ही इन पेड़ों का भी उत्सव मनाकर हमें इनसे जुड़ाव महसूस होता है। यह जुड़ाव ही पर्यावरण रक्षा का सबसे बड़ा आधार बनेगा।”

मौके पर कॉलेज के कर्मी सुमित कुमार साहा, मोहन सिंह, बबलू, करमू, प्रकाश, जयकर सिंह एवं उषा देवी सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

डॉ. सिंह ने बताया कि आगामी 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर कॉलेज परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें छात्रों, शिक्षकों और स्थानीय लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की गई है।

यह पहल साबित करती है कि छोटे-छोटे कदम भी बड़े बदलाव की नींव रख सकते हैं — बशर्ते उनमें संवेदनशीलता और संकल्प हो।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button