
चुन्नु सिंह
भागलपुर 19 फरवरी 2025
फ्रेंड्स ऑफ़ तिलकामांझी सामाजिक मित्र मंडली द्वारा तिलकामांझी स्थित प्रधान कार्यालय में मंगलवार को वीर छत्रपति शिवाजी महाराज की 395वीं जयंती धूमधाम से मनाई गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था के अध्यक्ष इंदुभूषण झा ने की, जबकि शुभारंभ प्रधान संरक्षक जगतराम साह कर्णपुरी ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर उपस्थित पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने शिवाजी महाराज के चित्र पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।
समारोह को संबोधित करते हुए जगतराम साह कर्णपुरी ने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज भारतीय इतिहास में एक लोकप्रिय और वीर शासक के रूप में सम्मानित हैं। उनकी शौर्यगाथा स्वर्ण अक्षरों में अंकित है और उनके अद्वितीय पराक्रम को भारतवासी कभी नहीं भूल सकते।
संस्था के सचिव रजनीश कुमार सिंह ने कहा कि शिवाजी महाराज ने मराठा साम्राज्य के विस्तार और संरक्षण के लिए कठोर संघर्ष किया और अपने अद्वितीय नेतृत्व से हिंदू स्वराज की नींव रखी। वहीं, अध्यक्ष इंदुभूषण झा ने कहा कि शिवाजी महाराज हिंदू हृदय सम्राट के रूप में प्रसिद्ध हैं और उनकी वीरता आज भी लोगों को प्रेरित करती है। उन्होंने कहा, “शिवाजी जैसा वीर बनो”—यह वाक्य जन-जन में गूंजता है।
इस अवसर पर राज कुमार झा, राणा पोद्दार, पवन यादव, सुमन भारती सहित अन्य सदस्यों ने भी अपने विचार व्यक्त किए। मंच संचालन अमित प्रताप सिंह ने किया।