
चुन्नु सिंह
राजमहल, साहिबगंज | 09 मार्च 2025
मॉडल कॉलेज राजमहल में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर विमर्श गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह ने की, जबकि संचालन डॉ. रमज़ान अली ने किया।
गोष्ठी में हिन्दी विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. अमित कुमार ने भारतीय और पश्चिमी सभ्यता में महिलाओं की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आज के समाज में महिलाओं को समान अधिकार और अवसर मिलने चाहिए। वहीं, रसायनशास्त्र विभाग के डॉ. अरविंद कुमार पाण्डेय ने महिलाओं की आर्थिक स्वतंत्रता और प्रतिनिधित्व को महत्वपूर्ण बताया।
प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह ने अपने अध्यक्षीय संबोधन में कहा कि महिलाएं अब हर क्षेत्र में पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चल रही हैं, चाहे वह गृहस्थी हो, रक्षा क्षेत्र हो या तकनीकी क्षेत्र। उन्होंने मेहरुन्निसा परवेज की पंक्तियों का उल्लेख करते हुए महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम में अंग्रेजी विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. विवेक महतो, अन्य शिक्षकगण एवं सैकड़ों छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। धन्यवाद ज्ञापन डॉ. रमज़ान अली ने किया।