मधेपुरा। एक महिला की हत्या उसके पति, ससुर और सास ने दबिया से गला काटकर कर दिया और उनकी यह करतूत मृतक महिला की तीन साल की बेटी ने देख लिया। घटना सदर थाना क्षेत्र के भर्राही ओपी अंतर्गत तुरकाही गांव की है। हत्या के बाद से सभी आरोपी फरार हैं।
जानकारी के अनुसार घटना के वक्त मृतक महिला का सात साल का बेटा और तीन साल की बेटी जाग गई थी। बच्चों ने पड़ोसियों को सूचना दी जिसके बाद मायके वाले पहुंचे। पुलिस को भी जानकारी दी गई। मृतक महिला का नाम हीरा देवी है। हीरा देवी के सात साल के बेटे आनंद कुमार ने बताया कि हत्या के वक्त उसकी तीन साल की बहन ने उसे जगाया। जब वह जागा तो देखा कि दादी रुकैया देवी, पिता उमाशंकर यादव, सूरज यादव, रोशन यादव ने उसकी मां का गला काट दिया गया है और भागने की तैयारी में हैं। उसने बताया कि जब वे लोग भाग गए तो दोनों भाई-बहन पड़ोसी को इसकी सूचना देने गए।
बच्चों ने बताया कि उनकी दादी से रात में मां का झगड़ा हुआ था। वहीं, मृतक महिला की मां राजिया देवी ने बताया कि उनकी बेटी के साथ ससुराल में मारपीट की जाती थी। करीब सात साल पहले दोनों की शादी हुई थी। शादी के दो तीन साल के बाद से हीरा अपने मायके में ही रह रही थी । दो-तीन महीने पहले ही वह अपने ससुराल आई थी। कुछ दिन पहले भी रोशन कुमार ने उसके साथ मारपीट की थी। अब सभी ने मिलकर उसकी हत्या कर दी और फरार हो गए।
वहीं स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि उमाशंकर को नशे की लत थी। उसके दरवाजे पर कुछ अपराधी प्रवृत्ति के लड़के उनके साथ बैठकर नशा किया करते थे। वहीं उनकी मां, बेटे की दूसरी शादी करवाना चाहती थी। उमाशंकर अपनी पत्नी के साथ हमेशा मारपीट करता था। कई बार ग्रामीण स्तर पर पंचायती भी की गई, लेकिन पति पंचायत की भी बात नहीं माना करता था । यही कारण था कि महिला अपने मायके में ही रहती थी। दो-तीन महीने पहले अपने ससुराल आई थी। इस बीच भी महिला के साथ मारपीट हुई थी। वही इस मामले में सदर एसडीपीओ अजय नारायण यादव ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। पुलिस शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल ले गई है। परिजनों के आवेदन पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।