
रिपोर्ट ~ चुन्नु सिंह
राजमहल : साहिबगंज 27 मई 2025
मॉडल डिग्री कॉलेज, राजमहल में 27 मई 2025 को “प्रकृति, कविता और विज्ञान” विषय पर एक दिवसीय राष्ट्रीय सेमिनार सह काव्यगोष्ठी का आयोजन हुआ। यह आयोजन पर्यावरणीय चेतना, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और साहित्यिक अभिव्यक्ति के समन्वय का सशक्त उदाहरण बना।
कार्यक्रम की शुरुआत अमर शहीद सिदो-कान्हू की प्रतिमा पर माल्यार्पण से हुई। प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह ने अतिथियों का स्वागत पौधारोपण और स्मृति-चिह्न के साथ किया।
मुख्य वक्ता शोभना रॉय (भारतीय वन्यजीव संस्थान) ने गंगा डॉल्फिन संरक्षण पर वैज्ञानिक व्याख्यान दिया। साहित्यिक सत्र में गोपाल मंडल और कुमार मनीष अरविंद ने पर्यावरण पर केंद्रित कविताओं से भावविभोर किया। डॉ. राजेश ने “इको-क्रिटिसिज्म” पर अकादमिक दृष्टिकोण प्रस्तुत किया।
डिजिटल सत्र में भूगर्भ विशेषज्ञ मनीष तिवारी व प्रो. अंजू सक्सेना ने जलवायु परिवर्तन और भू-पर्यावरणीय संतुलन पर प्रस्तुति दी। डॉ. एस.के. सिन्हा ने 3R (Reduce, Reuse, Recycle) की व्यवहारिक उपयोगिता पर बल दिया।
रंगोली, कविता, संवाद और सांस्कृतिक सहभागिता से सजे इस आयोजन में बड़ी संख्या में छात्र, शिक्षक, पत्रकार व नागरिक शामिल हुए। प्राचार्य डॉ. सिंह ने इसे जन-जागरूकता की दिशा में एक प्रेरक पहल बताया।
यह आयोजन न केवल ज्ञानवर्धक रहा, बल्कि समाज को प्रकृति संरक्षण के प्रति जागरूक करने वाला एक जनांदोलन भी साबित हुआ।