
रिपोर्ट ~चुन्नू सिंह
पीरपैंती (भागलपुर):
पीरपैंती प्रखंड के 6 पैक्स में आम निर्वाचन 2026 के तहत आज 18 मार्च को हुए चुनाव का परिणाम आज 18 मार्च को रात 10 बजे तक घोषित कर दिया गया। विभिन्न पंचायतों में हुए मतदान के बाद मतगणना पूरी होते ही रात 10 बजे तक विजयी उम्मीदवारों की घोषणा कर दी गई। 
हरिनकोल पैक्स से अनिल कुमार सिंह ने भारी मतों से जीत दर्ज की। उन्हें कुल 544 मत प्राप्त हुए, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी भोला सिंह को 149 मत मिले। वहीं सुमित्रा देवी को मात्र 6 मत ही प्राप्त हुए। 
बाखरपुर पश्चिम पैक्स से पुराने पैक्स अध्यक्ष अमृत कुमार यादव चुनाव हार गए। उन्हें इस बार मात्र 172 मतों से संतोष करना पड़ा। वहीं हीरालाल यादव ने 482 मत प्राप्त कर बाखरपुर पश्चिम पैक्स से विजयी घोषित किए गए। 
ओलापुर पैक्स से हेमा देवी 439 मत प्राप्त कर विजयी घोषित हुईं। उनके प्रतिद्वंदी कुणाल कुमार को 136 मत तथा प्रभु मंडल को 209 मत प्राप्त हुए। 
रानी दियारा पैक्स से निरंजन कापड़ी 195 मत लाकर विजयी घोषित किए गए। उनके प्रतिद्वंदी महेश्वर साह को 101 मतों से ही संतोष करना पड़ा।
ज्ञात हो कि पीरपैंती पैक्स से रहमत अली तथा मोहनपुर मधुबन पैक्स से आनंद कुमार मंडल पूर्व में ही निर्विरोध अपने-अपने पैक्स अध्यक्ष के रूप में निर्वाचित घोषित किए जा चुके हैं।
निर्वाचन पदाधिकारी सह अंचलाधिकारी चंचल कुमार, सहायक निर्वाचन पदाधिकारी बी.पी.आर.ओ. कामेश्वर नारायण एवं सहायक निर्वाचन पदाधिकारी सह एल.ई.ओ. बृजमोहन तांती ने निर्वाचित उम्मीदवारों को निर्वाचन प्रमाण पत्र प्रदान किया। चुनाव प्रेक्षक के रूप में कार्यपालक अभियंता, लोक स्वास्थ अभियंत्रण विभाग, भागलपुर की देखरेख में शांतिपूर्ण ढंग से मतगणना कार्य संपन्न कराया गया।
इसके पूर्व 18 मार्च 2026 को दिन में चार पैक्सों में शांतिपूर्ण रूप से मतदान कराया गया था और रात्रि 10 बजे से पहले ही चुनाव परिणाम घोषित कर दिया गया।
हरिनकोल पैक्स के मतदान केंद्र पर दिनभर रुक-रुक कर प्रत्याशियों और उनके समर्थकों के बीच नोकझोंक होती रही। हालांकि पीरपैंती पुलिस और थाना अध्यक्ष पंकज राउत ने अपने पुलिस पदाधिकारियों व बल के साथ मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और चुनाव को शांतिपूर्ण एवं निर्विघ्न तरीके से संपन्न कराया ।



