
रिपोर्ट ~ चुन्नू सिंह
पीरपैंती (भागलपुर):
शनिवार को पीरपैंती दौरे के दौरान केंद्रीय जल शक्ति राज्य मंत्री राज भूषण चौधरी ने निर्माणाधीन Adani Power के पावर प्लांट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परियोजना की प्रगति की जानकारी ली और अधिकारियों से विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की।
पावर प्लांट परिसर पहुंचने पर प्लांट हेड राजीव गोयल ने अंगवस्त्र और पौधा भेंट कर केंद्रीय मंत्री का स्वागत किया। निरीक्षण के दौरान मंत्री ने परियोजना से जुड़े कार्यों की समीक्षा की तथा स्थानीय लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने पर विशेष बल दिया। साथ ही उन्होंने कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) के तहत क्षेत्र के समग्र विकास के लिए कंपनी को सक्रिय भूमिका निभाने की सलाह दी।
ज्ञात रहे कि केंद्रीय जल शक्ति राज्य मंत्री राज भूषण चौधरी अमर शहीद जुब्बा सहानी के शहादत दिवस समारोह में शामिल होने पीरपैंती पहुंचे थे। कार्यक्रम के बाद उन्होंने अदाणी पावर प्लांट परिसर का दौरा किया और परियोजना की प्रगति के बारे में अधिकारियों से विस्तार से जानकारी प्राप्त की।
इस अवसर पर पूर्व विधायक अमन पासवान , भाजपा जिलाध्यक्ष संतोष साह , भाजपा प्रदेश प्रवक्ता नीतू सिंह चौबे , सरपंच संघ अध्यक्ष बरुण गोस्वामी , मुखिया संघ अध्यक्ष अमरेंद्र कुमार सिंह “झुंपा” , बीस सूत्री मंडल अध्यक्ष हरेराम शर्मा सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे।



