
रिपोर्ट ~ चुन्नू सिंह
भागलपुर , 11मार्च 2026 ।
जनता दल (यूनाइटेड) ने भागलपुर संगठन में बड़ा बदलाव करते हुए वरिष्ठ नेता विवेकानंद गुप्ता को जिला अध्यक्ष नियुक्त किया है। बुधवार को हुई इस घोषणा के बाद पूरे जिले के जदयू कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। पार्टी नेताओं और पदाधिकारियों ने इसे संगठन के लिए सकारात्मक निर्णय बताते हुए गुप्ता को बधाई और शुभकामनाएँ दी हैं।
गौरतलब है कि विवेकानंद गुप्ता इससे पहले पीरपैंती प्रखंड में पांच बार प्रखंड अध्यक्ष रह चुके हैं और भागलपुर में कार्यकारी जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। संगठन में उनके लंबे अनुभव और सक्रिय कार्यशैली को देखते हुए पार्टी नेतृत्व ने उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी है।
वरिष्ठ नेता सुड्डू साईं ने कहा कि विवेकानंद गुप्ता हमेशा से संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलने का काम करते रहे हैं।
वहीं महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष सोनी कुमारी ने कहा कि उनकी ईमानदार छवि और सरल स्वभाव के कारण वे कार्यकर्ताओं और आम जनता के बीच काफी लोकप्रिय हैं।
युवा नेता शैलेन्द्र तोमर ने उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी। वहीं नेता राकेश ओझा ने कहा कि उनके मार्गदर्शन में पार्टी की नीतियाँ और विचारधारा अधिक प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचेगी तथा संगठनात्मक गतिविधियों में तेजी आएगी।
भागलपुर जिले के विभिन्न प्रखंडों और पंचायतों से जुड़े कार्यकर्ताओं ने भी इस निर्णय का स्वागत किया है। नेताओं और पदाधिकारियों ने कहा कि विवेकानंद गुप्ता के नेतृत्व में संगठन और अधिक मजबूत होगा तथा पार्टी की नीतियाँ जन-जन तक प्रभावी ढंग से पहुंचेंगी। 
इस मौके पर विनय सिंह, प्रदीप कुशवाहा, महादेव मंडल, चन्द्रशेखर मिश्र, मनोज मंडल, कल्याणी शाह सहित कई नेताओं और प्रकोष्ठों के जिला अध्यक्षों ने भी खुशी जाहिर करते हुए उन्हें बधाई दी। बड़ी संख्या में नेताओं और कार्यकर्ताओं ने शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में संगठन का विस्तार और तेज होगा।



